बीकानेर में 23 जगह लगेंगी नई ट्रैफिक लाइट,पुरानी 17 लाइटों में सिर्फ 4 काम की; गजनेर रोड पर सबसे बुरे हालात
बीकानेर में 23 जगह लगेंगी नई ट्रैफिक लाइट,पुरानी 17 लाइटों में सिर्फ 4 काम की; गजनेर रोड पर सबसे बुरे हालात
बीकानेर। बीकानेर शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 23 नए स्थानों पर ट्रैफिक लाइट लगाने की तैयारी है। संबंधित फर्म ने पुलिस के साथ मिलकर इन स्थानों को चिह्नित किया है। दूसरी ओर, शहर में पहले से 17 जगह ट्रैफिक लाइट लगी हैं, लेकिन इनमें से केवल चार ही कारगर रूप से काम कर रही हैं। कई चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल होने के बावजूद पुलिसकर्मी तैनात नहीं होने से वाहन चालक नियमों का पालन नहीं करते। इससे जाम के साथ हादसों का खतरा भी बना रहता है।
गजनेर रोड पर बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था
गजनेर रोड पर यातायात व्यवस्था को लेकर स्थिति ज्यादा खराब है। गंगानगर सर्किल पर यातायात पुलिस खड़ी रहती है, लेकिन वाहन यहां रुकते नहीं हैं। भुट्टा चौराहे पर मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंट के कारण दोनों तरफ कार और बाइक खड़े रहते हैं। इससे रास्ता जाम रहता है और आम लोगों को परेशानी होती है। यहां भी ट्रैफिक प्वाइंट पर पुलिसकर्मी तैनात नहीं रहता।
पुलिस लाइन चौराहे पर ट्रैफिक लाइट लगी है, लेकिन यहां भी वाहन चालक नहीं रुकते। सुभाषपुरा से आने वाले लोगों को आगे बढऩे में परेशानी होती है, क्योंकि मुख्य रोड पर पहले से तेज गति से वाहन चलते रहते हैं।
पंडित पेट्रोल पंप से मुक्ता प्रसाद कॉलोनी तक भी भीड़
पंडित पेट्रोल पंप-मुक्ता प्रसाद कॉलोनी चौराहे पर भी भारी भीड़ रहती है। यहां ट्रैफिक लाइट लगी होने के बावजूद पुलिसकर्मी के अभाव में वाहन चालक नहीं रुकते। कोठारी अस्पताल के पास बने तिराहे पर भी वाहनों की तेज गति कई बार हादसों का कारण बनती है, लेकिन यहां पुलिसकर्मी तैनात नहीं है।
अंत्योदय नगर और ईएसआई अस्पताल के पास बने तिराहे पर कुछ दिन पहले हादसा हुआ था। इसके बाद यहां लोहे के बोर्ड लगाए गए, लेकिन बड़े वाहनों के चालक इन्हें हटा देते हैं।
23 जगह लगाए जाएंगे नए ट्रैफिक सिग्नल
पुरानी हो चुकी ट्रैफिक लाइट और उनके आसपास लगे बोर्ड के कारण कई जगह राहगीरों और वाहन चालकों को सिग्नल स्पष्ट दिखाई नहीं देते। ऐसे में शहर में आधुनिक ट्रैफिक लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। संबंधित फर्म ने पुलिस के साथ मिलकर 23 स्थान चिह्नित किए हैं।
इनमें गंगाशहर सर्किल, जूनागढ़ पब्लिक पार्क के तीन गेट, रानीबाजार सर्किल, रामरतन कोचर सर्किल, पंचशती सर्किल, डिविजनल कमिश्नर ऑफिस, पीबीएम हॉस्पिटल रोड, मेडिसिन विंग कट, रानीबाजार अंडरब्रिज, अंत्योदय नगर, केटन चंद्र चौधरी सर्किल, जूनागढ़ प्लॉट, आर्मी गेट, सोफिया स्कूल, हल्दीराम प्याऊ, पंडित धर्मकांटा, पूगल फांटा, भुट्टों का चौराहा, पुलिस लाइन, कोटड़ी हॉस्पिटल, जैन कॉलेज चौराहा और मंडी गेट सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
बोर्ड और होर्डिंग से भी सिग्नल की दृश्यता प्रभावित
शहर में कई जगह लगी ट्रैफिक लाइट पुरानी हो चुकी हैं। वहीं, इनके आसपास लगे बोर्ड और होर्डिंग के कारण वाहन चालकों को सिग्नल स्पष्ट दिखाई नहीं देते। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। नई आधुनिक ट्रैफिक लाइट लगाने के साथ सिग्नल की दृश्यता बेहतर करने की योजना है। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए लाइट लगाने का जिम्मा संबंधित फर्म को दिया गया है। इसके लिए अगले साल मार्च तक का ठेका निर्धारित है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ