स्टडी वीजा के नाम पर 18 लाख की ठगी, युवक पर मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के एक युवक पर अबोहर सिटी प्रथम थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला विदेश भेजने को लेकर है। पीड़ित ने 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। अबोहर सिटी प्रथम थाना पुलिस के अनुसार गांव भंगाला निवासी मनप्रीत कौर ने बताया कि उसके बेटे सुखदीप सिंह तथा उसके कुछ दोस्तों को विदेश भेजने के लिए स्टडी वीजा लगवाने का भरोसा दिया गया था। इसके बदले आरोपी चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव 10 जी निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी पुत्र जगदीश सिंह ने उनसे लाखों रुपए की मांग की।
आरोप है कि विदेश भेजने और वीजा की प्रक्रिया पूरी करवाने के नाम पर कुल 18 लाख रुपए ले लिए गए। न तो वीसा लगवाया गया और ना ही युवकों को विदेश भेजा गया। जब शिकायतकर्ता और उसके परिवार ने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने टालमटोल किया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर तथ्यों की पड़ताल की। आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ