70 वीं जिला स्तरीय अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, 27 टीमों के 410 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, 23 सितंबर तक होंगे मुकाबले
खुलासा न्यूज,बीकानेर। स्थानीय भीमसेन चौधरी किसान छात्रावास के खेल मैदान में रविवार को फुटबॉल के रोमांचक मुकाबलों के साथ 70वीं जिला स्तरीय स्कूली अंडर-17 छात्र फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन मैदान पर खिलाडिय़ों ने दमखम दिखाया। आर्मी पब्लिक स्कूल बीकानेर ने दून पब्लिक स्कूल को 11-0 से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
पहले दिन कुल 8 मुकाबले खेले गए। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लूणकरणसर के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल अधिकारी मोहम्मद रफीक ने फुटबॉल को किक मारकर किया। उन्होंने खिलाडिय़ों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है। प्रतियोगिता में जिले की 27 टीमें 410 खिलाडिय़ों के साथ हिस्सा ले रही हैं। मुकाबले 20 से 23 सितंबर तक खेले जाएंगे। प्रतियोगिता को लेकर खेल मैदान में दिनभर खिलाडिय़ों और खेलप्रेमियों की आवाजाही रही।
पहले दिन इन टीमों ने दर्ज की जीत
फुटबॉल कोच पूनमराम सारण एवं मोहम्मद सलीम ने बताया कि पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खोखराणा महात्मा गांधी अंग्रेजी स्कूल ने जैन पब्लिक स्कूल बीकानेर को 2-0, शिव चैतन्य स्कूल बीकानेर ने एनडीएस नाथवाणा को 5-0, आर्मी पब्लिक स्कूल बीकानेर ने दून पब्लिक स्कूल बीकानेर को 11-0 तथा एमएम स्कूल बीकानेर ने भारती निकेतन स्कूल श्रीडूंगरगढ़ को 5-0 से हराया।
इसी तरह श्री बाल निकेतन स्कूल बीकानेर ने एनएनआरएसवी बीकानेर को 2-0, जयपुर पब्लिक स्कूल श्रीडूंगरगढ़ ने दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल बीकानेर को 2-0 और रेयान इंटरनेशनल स्कूल बीकानेर ने आरएसवी बीकानेर को 2-0 से पराजित किया। आरके पब्लिक स्कूल बीकानेर की टीम के अनुपस्थित रहने पर राज बाल मंदिर बीकानेर को वॉकओवर दिया गया और टीम अगले दौर में पहुंच गई।
लूणकरणसर की टीम आज उतरेगी मैदान में
प्रधानाचार्य अमरचंद गोदारा ने बताया कि सोमवार को सुबह 7 बजे से मुकाबले शुरू होंगे। लूणकरणसर की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टीम का मुकाबला आरबीएम स्कूल बीकानेर से होगा। इसके अलावा सेठ गोवर्धन बाफना स्कूल बीकानेर-सेंट एन.एन. उमावि बीकानेर, एलएनसी अकादमी बीकानेर-कर्मभूमि विद्यालय गंगाशहर, फोर्ट स्कूल बीकानेर-जयपुर पब्लिक स्कूल बीकानेर तथा लिटिल फ्लावर स्कूल नोखा-बीबीएस बीकानेर के बीच मुकाबले होंगे।
संध्याकालीन सत्र में दोपहर 1 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुजानदेसर और विद्यायन (उरमूल) तथा दोपहर 2 बजे आर्मी पब्लिक स्कूल बीकानेर और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीकानेर के बीच मुकाबला होगा। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाडिय़ों में खासा उत्साह है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ