बीकानेर: ट्रक से 8 किलो डोडा पोस्त बरामद, चालक गिरफ्तार
बीकानेर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत पांचू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक से करीब 8 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक से करीब 8 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ।
मौके से पुलिस ने ट्रक चालक नवतेज पाल सिंह जट सिख, निवासी पंजाब को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को भी जब्त कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही पुलिस तस्करी के पीछे किसी संगठित नेटवर्क या गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पांचू थाना पुलिस के अनुसार ऑपरेशन नीलकंठ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बीकानेर पुलिस पहले भी इस अभियान के तहत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद कर चुकी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ