फसल खराबे का वास्तविक आकलन कर शीघ्र गिरदावरी कराई जाए- श्याम पंचारिया
खुलासा न्यूज, बीकानेर। ग्रामीण क्षेत्रों में कम बारिश एवं फसलों के खराब होने से किसानों के सामने उत्पन्न हुई गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी देहात जिला अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने जिला कलेक्टर निशांत जैन से चर्चा कर प्रभावित क्षेत्रों में वास्तविक फसल खराबे का आकलन करवाते हुए शीघ्र गिरदावरी कराने की मांग की।
श्याम पंचारिया ने कहा कि जिले के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खरीफ फसलें प्रभावित हुई हैं और कई स्थानों पर किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई गांवों में अकाल जैसे हालात बनने लगे हैं, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा वास्तविक स्थिति का सर्वे करवाकर प्रभावित किसानों को सरकार की राहत योजनाओं का लाभ दिलाना आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि खेत स्तर पर वास्तविक फसल खराबे का आकलन करते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी गिरदावरी करवाई जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत एवं सहायता मिल सके।
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने आश्वासन दिया कि प्रशासन द्वारा शीघ्र ही प्रभावित क्षेत्रों में वास्तविक फसल खराबे की गिरदावरी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गिरदावरी के माध्यम से खेतों में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा और उसी आधार पर राहत प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ