निर्माण कार्य रुकवाने और धमकी का आरोप पीडि़त ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
निर्माण कार्य रुकवाने और धमकी का आरोप पीडि़त ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र के मोहता सराय इलाके में भूखंड पर निर्माण कार्य रुकवाने, धमकाने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जे का प्रयास करने के आरोप लगाते हुए दो परिवादियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी है। परिवादियों ने मामले में निष्पक्ष जांच करवाकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 28 सितंबर को दिए गए परिवाद के अनुसार गोपेश्वर बस्ती निवासी गोपीचंद और बाबूलाल ने बताया कि उन्होंने मोहता सराय में 468 वर्गगज का भूखंड स्वर्गीय मोहम्मद अनवर मौलानी के वारिसों से खरीदा था। परिवादियों का आरोप है कि भूखंड की साफ-सफाई और चारदीवारी का काम शुरू करवाने के दौरान हरिश विश्नोई और बालचंद उर्फ बाला महाराज मौके पर पहुंचे और मजदूरों को धमकी देकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
परिवादियों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में 12 जुलाई को गंगाशहर थाने में शिकायत दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित लोगों को पाबंद कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। परिवाद के अनुसार पिछले एक महीने से अधिक समय से भूखंड का काम बंद है और उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोग खसरा नंबर 114 की जमीन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत कर खसरा नंबर 113 में स्थित परिवादियों के भूखंड पर विवाद खड़ा कर रहे हैं। परिवादियों ने दस्तावेजों की जांच, मौके पर निरीक्षण और आसपास के भूखंड मालिकों के बयान लेने की मांग की है।
परिवादियों का कहना है कि स्वर्गीय मोहम्मद अनवर मौलानी के पास खसरा नंबर 113 में करीब 700 वर्गगज का भूखंड था, जिसमें से 232 वर्गगज हिस्सा दूसरे पक्ष द्वारा और शेष 468 वर्गगज भूखंड उन्होंने वारिसों से खरीदा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी भूमि को लेकर विवाद खड़ा कर निर्माण कार्य रुकवाया गया।
परिवादियों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके खरीदे गए भूखंड पर चारदीवारी का काम दोबारा शुरू करवाने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस स्तर पर की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ