बीकानेर: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, इलाज के दौरान हुई मौत
बीकानेर: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, इलाज के दौरान हुई मौत
श्रीकोलायत थाना क्षेत्र के नोखड़ा गांव और खिदरत के बीच हुए सड़क हादसे में गंभीर घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार बुलाकीदास पुत्र मोहनलाल मेघवाल, निवासी मेघवालों का मोहल्ला, किसमीदेसर, बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई मनोज कुमार 16 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे मोटरसाइकिल नंबर RJ 07 TPS 6573 पर रामदेवरा से बीकानेर की ओर आ रहा था।
इसी दौरान नोखड़ा गांव और खिदरत के बीच पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए कोलायत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीबीएम ट्रॉमा सेंटर, बीकानेर रेफर किया गया।
पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान 18 सितंबर 2026 की रात करीब 9:15 बजे चिकित्सकों ने मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद मृतक के भाई बुलाकीदास ने पुलिस को रिपोर्ट देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर हादसे की जांच और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ