बीकानेर: एक्सप्रेस-वे के गड्ढे बने हादसे की वजह, ट्रक से टकराई कार, चालक गंभीर घायल
बीकानेर: एक्सप्रेस-वे के गड्ढे बने हादसे की वजह, ट्रक से टकराई कार, चालक गंभीर घायल
लूणकरणसर। अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। मंगलवार शाम लूणकरणसर इंटरचेंज से नाथवाना की ओर एक्सप्रेस-वे पर एक कार सड़क के बीच बने गड्ढे से गुजरते समय अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार घायल चालक की पहचान नैनासर समेरिया निवासी मामराज के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को लूणकरणसर उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर, बीकानेर रेफर कर दिया गया।
गड्ढे और पेचवर्क बन रहे हादसों की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सड़क के बीच बने गड्ढे से उछल गई, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा भिड़ी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई वाहन चालकों का आरोप है कि एक्सप्रेस-वे पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त है और किए गए पेचवर्क भी बिना लेवल के हैं। ऐसे में वाहन अचानक उछल जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
लेन मार्किंग नहीं होने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर कई जगह लेन मार्किंग भी मिट चुकी है। पेचवर्क के बाद दोबारा लेन मार्कर नहीं बनाए गए हैं, जिससे विशेषकर रात के समय वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मरम्मत की मांग
लूणकरणसर इंटरचेंज के आसपास कई किलोमीटर तक सड़क की स्थिति खराब बताई जा रही है। लोगों ने एक्सप्रेस-वे प्रबंधन से सड़क की तत्काल मरम्मत, उचित लेवलिंग और लेन मार्किंग करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ