बीकानेर: अनियंत्रित होकर पलटी स्विफ्ट कार, बड़ा हादसा टला
बीकानेर। जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में सूरतगढ़-छतरगढ़ मार्ग पर आरडी 560 के पास मंगलवार सुबह एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरियाणा नंबर की एक स्विफ्ट कार छतरगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार के आसपास कोई घायल व्यक्ति दिखाई नहीं दिया और न ही किसी के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर छतरगढ़ थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस वाहन मालिक और चालक की पहचान करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल हादसे के पीछे तकनीकी खराबी, तेज रफ्तार या अन्य किसी कारण की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ