खाजूवाला और लूणकरणसर में भाजपा का अध्यक्ष, दोनों पालिकाओं में कांग्रेस प्रत्याशी पीछे
खाजूवाला और लूणकरणसर में भाजपा का अध्यक्ष, दोनों पालिकाओं में कांग्रेस प्रत्याशी पीछे
खाजूवाला में मंगल सिंह रामगढ़िया और लूणकरणसर में चंद्र मोहन डाल निर्वाचित
खाजूवाला/लूणकरणसर। राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव के बाद सोमवार को हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में खाजूवाला और लूणकरणसर दोनों नगर पालिकाओं में भाजपा ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। खाजूवाला में भाजपा के मंगल सिंह रामगढ़िया और लूणकरणसर में भाजपा के चंद्र मोहन डाल अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
खाजूवाला में मंगल सिंह रामगढ़िया अध्यक्ष निर्वाचित
खाजूवाला नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मंगल सिंह रामगढ़िया को 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रेणु सहारण को 8 वोट प्राप्त हुए। इस तरह मंगल सिंह ने 4 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। परिणाम की जानकारी निर्वाचन एवं उपखंड अधिकारी प्रभजोत सिंह गिल ने दी। मंगल सिंह रामगढ़िया वार्ड नंबर 10 से पार्षद चुने गए थे। इसके बाद भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया। खाजूवाला नगर पालिका के 20 वार्डों में भाजपा के 11, कांग्रेस के 8 और एक निर्दलीय पार्षद ने जीत दर्ज की थी।
लूणकरणसर में चंद्र मोहन डाल की बड़ी जीत
वहीं लूणकरणसर नगर पालिका को अपना पहला अध्यक्ष मिल गया। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के चंद्र मोहन डाल ने कांग्रेस प्रत्याशी गणेश नाथ को 11 वोटों के अंतर से हराया। मतगणना में चंद्र मोहन डाल को 23 वोट, जबकि कांग्रेस के गणेश नाथ को 12 वोट मिले। 35 सदस्यीय लूणकरणसर पालिका में चुनाव परिणाम के दौरान भाजपा के 23, कांग्रेस के 11 और एक निर्दलीय पार्षद विजयी हुए थे।
चंद्र मोहन डाल की जीत के साथ ही उनका नाम लूणकरणसर नगरपालिका के पहले अध्यक्ष के रूप में दर्ज हो गया। परिणाम सामने आने के बाद भाजपा समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
दोनों जगह सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का कड़ा बंदोबस्त रहा। खाजूवाला में सीओ विजयपाल यादव, सीआई अशोक बिश्नोई और दंतौर सीआई सुरेंद्र बारूपाल के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात रहा। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।
दोनों नगर पालिकाओं में अध्यक्षों के निर्वाचन के बाद अब नए बोर्ड के सामने शहर के विकास, सड़क, पानी, सफाई और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ