जयपुर रोड़ पर युवक की मौत के मामले में बस चालक-कंडक्टर पर कार्रवाई की मांग
खुलासा न्यूज,बीकानेर। युवक की मौत के मामले में अब परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। बता दे कि अगस्त 26 को दोपहर को सड़क हादसे में युवक की मौत हो गयी थी। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे मृतक श्रेयांश गोस्वामी अपना कार्यालय का कार्य पूरा कर मोटरसाइकिल से वृन्दावन एन्क्लेव होते हुए जयपुर रोड स्थित अपने निवास गोस्वामी चौक लौट रहे थे। इस दौरान सोफिया स्कूल, तिराहा के पास सिग्नल पर लाल बत्ती होने के कारण वे रुके हुए थे। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान बस संख्या आरजे-52-पीए-0015 ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक एवं कंडक्टर बस छोड़कर मौके से चले गए।
प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि टक्कर इतनी तेज थी कि सिग्नल क्षेत्र होने के बावजूद बस करीब 15 मीटर तक नहीं रुकी और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद बस को मौके पर नहीं रोके जाने का भी परिजनों ने आरोप लगाया है। हादसे में श्रेयांश गोस्वामी की मृत्यु हो गई। मृतक के पिता की उम्र 70 वर्ष बताई गई है तथा वे डायबिटीज एवं हृदय रोग से पीडि़त हैं। परिवार ने कहा कि इस दुखद घटना से वृद्ध पिता ने अपने इकलौते पुत्र को खो दिया है।
परिजनों के अनुसार, मामले में व्यास कॉलोनी थाने में 26 अगस्त 2026 को एफआईआर संख्या 0292 दर्ज करवाई गई है। प्रार्थना-पत्र में बताया गया है कि अभी तक बस चालक एवं कंडक्टर फरार बताए जा रहे हैं। मृतक के परिजनों ने जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, बीकानेर से मांग की है कि मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए चालक एवं कंडक्टर को गिरफ्तार किया जाए, बस मालिक को रिलीफ नहीं दी जाए तथा घटना से हुए मानसिक एवं आर्थिक आघात की क्षतिपूर्ति की व्यवस्था की जाए।
परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग की है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ