नहर के पानी को लेकर किसानों का बड़ा आंदोलन शनिवार को अनूपगढ़ से खाजूवाला तक बाजार बंद
नहर के पानी को लेकर किसानों का बड़ा आंदोलन शनिवार को अनूपगढ़ से खाजूवाला तक बाजार बंद
बीकानेर। बीकानेर के इंदिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र के प्रथम चरण में किसान आंदोलन तेज हो गया है। आंदोलन के दूसरे चरण में शनिवार से प्रथम चरण के सभी बड़े कस्बों में बंद शुरू कर दिया गया है। बंद के दौरान फिलहाल केवल सब्जी, दूध और मेडिकल की दुकानें खुली रहेंगी। किसानों ने स्पष्ट किया है कि रविवार से इन्हें भी बंद रखा जाएगा। किसान रबी की फसल के लिए आठ बारी पानी देने और प्रथम चरण की नहरों का स्थाई रेगुलेशन करने की मांग कर रहे हैं, जबकि नहर विभाग छह बारी पानी देने के लिए तैयार है।
अनूपगढ़ से खाजूवाला तक आंदोलन
दरअसल, यह आंदोलन इंदिरा गांधी नहर की अनूपगढ़ शाखा से जुड़े किसानों की ओर से किया जा रहा है। इसके चलते श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ से लेकर बीकानेर के खाजूवाला तक किसान आंदोलन शुरू हो गया है। छोटे-बड़े सभी कस्बों को बंद किया जा रहा है। किसान रबी और खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त सिंचाई पानी उपलब्ध कराने के साथ प्रथम चरण की नहरों का स्थाई रेगुलेशन किए जाने की मांग कर रहे हैं।
वर्तमान में नहर विभाग किसानों को छह बारी पानी देने के लिए तैयार है, जबकि किसान आठ बारी पानी की मांग पर अड़े हुए हैं। इसी मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं।
किसानों का दावा-आधा पानी मिल रहा
किसानों का कहना है कि उन्हें जरूरत के मुकाबले आधा पानी ही मिल रहा है। उनका कहना है कि यदि किसी किसान ने 20 बीघा में बुवाई की है तो उसे केवल 10 बीघा के लिए ही पानी मिल रहा है। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। किसानों के अनुसार, अनूपगढ़ शाखा को उसका पूरा हिस्सा नहीं मिलने से रबी की बुवाई प्रभावित हो रही है। हजारों हेक्टेयर में सरसों और गेहूं की बुवाई हो चुकी है, लेकिन अब सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है।
खाजूवाला में शुक्रवार शाम हनुमान मंदिर परिसर में किसान प्रतिनिधियों और व्यापारियों की अहम बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कस्बे को अनिश्चितकाल के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया। किसान नेता कालूराम कुंट ने बताया कि किसान संगठनों और व्यापार मंडल के बीच हुई बैठक में संयुक्त व्यापार मंडल, व्यापार मंडल, मजदूर संगठनों तथा किसान प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए बंद का समर्थन किया।
बैठक में फल-सब्जी, दूध और मेडिकल स्टोर्स को केवल शनिवार को छूट देने का निर्णय लिया गया, ताकि लोग अगले कुछ दिनों के लिए आवश्यक सामान का स्टॉक कर सकें। रविवार से इन दुकानों को भी बंद रखने की बात कही गई है।
खेत बचाओ-किसान बचाओ संघर्ष समितिज् के बैनर तले आंदोलन
किसान च्खेत बचाओ-किसान बचाओ संघर्ष समितिज् के बैनर तले आंदोलन कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि रबी की फसल के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से हजारों हेक्टेयर में की गई बुवाई प्रभावित हो रही है। इसी के चलते अनूपगढ़ शाखा क्षेत्र के किसान आठ बारी पानी और स्थाई रेगुलेशन की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
इन क्षेत्रों में भी बंद
किसानों की मांग का समर्थन करते हुए खाजूवाला के अलावा दंतौर, 17 केवाईडी, 20 बीडी , 14 बीडी, रावला, घड़साना, अनूपगढ़, 365 हेड को भी पूरी तरह बंद किया गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ