बीकानेर और गंगानगर जिले में बारिश के साथ गिरे ओले, गर्मी से मिली राहत
बीकानेर और गंगानगर जिले में बारिश के साथ गिरे ओले, गर्मी से मिली राहत
जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच बीकानेर और गंगानगर जिले के कई इलाकों में सोमवार को बारिश के साथ ओले गिरे। श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में तेज आंधी चली और फिर बारिश हुई।
राजधानी जयपुर में तेज धूप ने लोगों को झुलसा दिया। लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम ने अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर वाटर फॉगर मशीन से पानी की फुहारें छोड़ी गई।
उधर, बाड़मेर में रविवार को सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ, यहां पारा 46 डिग्री के ऊपर चला गया। ये 12 साल में तीसरी बार है जब पारा 46 डिग्री के पार निकल गया।
कोटा और जोधपुर में पारा पुराने रिकॉर्ड को छूने और तोड़ने के करीब है। रविवार को 8 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को राज्य के 5 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 27 अप्रैल को दिन के साथ रात में भी हीटवेव की आशंका है।
बीकानेर और श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले गिरे
बीकानेर शहर समेत आस-पास के ग्रामीण इलाकों में दोपहर बाद मौसम बदला। बीकानेर शहर में भी हवा के साथ बारिश हुई। जिले के मूंडसर और बेनीसर गांव में बारिश के साथ ओले भी गिरे। ओलावृष्टि के कारण गर्मी का असर कम हुआ है।
श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में सुबह तेज गर्मी के बाद दोपहर में करीब 2 बजे मौसम बदला और धूलभरी आंधी चली। इसके बाद बारिश के साथ ओले भी गिरे। घड़साना में भी बारिश के साथ ओले गिरे।
अब आगे क्या?
राज्य में आज भी हीटवेव का असर रहने और तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। हालांकि दोपहर बाद राज्य के कुछ जिलों में मौसम में बादल होने, बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की धूलभरी हवा चलने के साथ बारिश की संभावना है।
28 से 30 अप्रैल तक राज्य में हीटवेव से राहत रह सकती है। कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना भी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ