बीकानेर: करंट के बीच घुसे चोर, इतने घंटे बंद रही बिजली, ले गए कॉपर बांसुरियां
बीकानेर: करंट के बीच घुसे चोर, इतने घंटे बंद रही बिजली, ले गए कॉपर बांसुरियां
बीकानेर। नापासर के 132 केवी जीएसएस में सोमवार देर रात चोरी हुई। चोर 1.32 लाख वोल्ट की चालू लाइन के बीच पहुंचे और तीन कॉपर बांसुरियां खोलकर ले गए। घटना रात करीब डेढ़ बजे की है। चोरों ने जीएसएस की दीवार के कंटीले तार काटे, दीवार फांदकर अंदर घुसे और मुख्य लाइन के पैनल तक पहुंचे। चोरों ने आइसोलेटर खोलकर तीन कॉपर बांसुरियां निकालीं। यह पैनल बीकानेर से 1.32 लाख वोल्ट बिजली लेता है और नापासर सहित करीब 10 गांवों को सप्लाई देता है। आइसोलेटर खोलने से इंसुलेटर में आग जैसी स्थिति हो गई। टेक्नीशियन राजकुमार और संजय ने देखा, तुरंत कंट्रोल रूम से पूरी बिजली सप्लाई बंद कर दी।
मौके पर आइसोलेटर खुला मिला और मेन बस की तीनों कॉपर बांसुरियां गायब थीं। सुरक्षा के लिए रात 1 बजकर 59 मिनट से 3 बजकर 09 मिनट तक करीब 1 घंटे 10 मिनट बिजली सप्लाई बंद रही। घटना की सूचना रात में नापासर पुलिस को दी गई। एएसआई मूलाराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मौका निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि जीएसएस की दीवार के बाहर तीन पहिया वाहन के टायरों के निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि आरोपी यहां तिनपहिया वाहन से पहुंचे थे। पुलिस इस एंगल सहित मौके से मिले अन्य सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ