मानसून की एंट्री को लेकर आईएमडी ने दी रिपोर्ट, बीकानेर में आज जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
मानसून की एंट्री को लेकर आईएमडी ने दी रिपोर्ट, बीकानेर में आज जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
जयपुर। देश में इस बार उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम की तेज हवाओं ने मानसून की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। इन परिस्थितियों के चलते मानसून 1 जुलाई तक राजस्थान तक नहीं पहुंच पाएगा। जबकि सामान्य तौर पर मानसून 20 जून तक राजस्थान में प्रवेश कर जाता है। मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में मानसून की प्रगति का विवरण दिया गया है। इसमें 1 जुलाई तक मानसून की संभावित प्रगति दर्शाई गई है, जिसमें राजस्थान तक मानसून के पहुंचने का कोई उल्लेख नहीं किया है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से मानसून की समग्र गति को लेकर परिस्थितियों को अनुकूल बताया जा रहा है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के कृषि प्रधान राज्य राजस्थान में मानसून कमजोर रहने की आशंका गहरा गई है। राजस्थान में प्री मानसून की गतिविधियां जोर पकड़ रही हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से में कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। उदयपुर जिले के सराड़ा में सर्वाधिक 95 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। डबोक में 42 मिमी, चित्तौड़गढ़ में 38.5, चूरू में 43.8 मिमी, पिलानी में 15 मिमी, झुंझुनूं में 11.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सीकर में शाम चार बजे तेज हवाएं चलीं और कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई।
आज 35 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी 19 जून को 35 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए अंधड़-बारिश का अलर्ट दिया है। ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए मेघगर्जन, वज्रपात, झोंकेदार तेज हवाओं के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश की संभावना जताई है। जिसमें अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाईमाधोपुर, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले शामिल है। वहीं येलो अलर्ट देते हुए मेघगर्जन, वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का और बारिश की संभावना जताई है। जिसमें फलौदी, नागौर, जैसलमेर, डीडवाना-कुचामन, उदयपुर, टोंक, सलूंबर, राजसमंद, प्रतापगढ़, कोटा, झालावाड़, जयपुर, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, ब्यावर, बारां, बांसवाड़ा और अजमेर जिले शामिल है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ