ऑपरेशन नीलकंठ: अवैध बंदूक के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
बीकानेर। जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत महाजन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को लूणकरणसर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। महाजन थानाधिकारी भजनलाल ने बताया कि गुरुवार रात सहायक उप निरीक्षक सत्तार खां गश्त पर थे। इस दौरान वे समीपवर्ती गांव बडेरण पहुंचे, जहां एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में बंदूक लेकर जाता दिखाई दिया।
पुलिस ने तुरंत उसे रोककर बंदूक के लाइसेंस के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और उसके पास कोई वैध लाइसेंस भी नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर महाजन थाने लाया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बडेरण निवासी पांडुराम पुत्र टीकूराम बावरी के रूप में बताई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध टोपीदार बंदूक बरामद कर जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को उसे लूणकरणसर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ