उपमहापौर का चुनाव हारने के बाद कांग्रेस में आपस में खींचतान बनी हुई, डोटासरा बोला कितना भी बड़ा सीनियर हो, कार्रवाई होगी
उपमहापौर का चुनाव हारने के बाद कांग्रेस में आपस में खींचतान बनी हुई, डोटासरा बोला कितना भी बड़ा सीनियर हो, कार्रवाई होगी
बीकानेर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि बीकानेर में डिप्टी मेयर चुनाव हारने के मुद्दे पर जांच होगी। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी, वह फिर कांग्रेस का कितना ही सीनियर नेता क्यों न हो। दरअसल, नोखा विधायक सुशीला डूडी सहित कुछ युवा नेता इसी मुद्दे पर डोटासरा से मिलने जयपुर पहुंचे थे।
नोखा विधायक सुशीला डूडी ने कहा कि इस मामले में गंभीरता से जांच होनी चाहिए। इस पर डोटासरा ने कहा कि तीन सीनियर नेताओं से मामले की जांच करवाई जाएगी। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली भी लिखूंगा। कोई कितना भी जूनियर हो, सीनियर हो। पार्षद हो, बिना पार्षद, एमएलए हो, एक्स एमएलए हो, मंत्री हो या फिर संतरी हो।
एक पद देने का वादा
डोटासरा ने कहा कि जब भी प्रदेश कांग्रेस का विस्तार होगा, तब आप में से किसी एक को पद दिया जाएगा। आप लोगों को ही मिलकर तय करना है कि किसे पद देना है। आपको प्रदेश में पदाधिकारी बनाऊंगा।
जांच पर अड़े नेता
पद देने के वादे पर कांग्रेस के युवा नेता शब्बीर कुमार ने कहा कि पद देना न देना तो संगठन की मेहरबानी है, लेकिन इस मामले की जांच होनी चाहिए। राहुल गांधी और डोटासरा जिस मुद्दे पर लड़ रहे हैं, उसे कुछ नेता दीमक की तरह खा रहे हैं। इस पर डोटासरा ने कहा कि मैं जांच ही तो करवा सकता हूं। डोटासरा ने ये भी कहा कि अब तो बात निकल गई है, जांच ही करवाई जा सकती है।
क्या है मामला?
दरअसल, बीकानेर नगर निगम में डिप्टी मेयर चुनाव में कांग्रेस दो वोट से हार गई थी। पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी नसीम बानो को 38 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के निगम में 42 पार्षद हैं। ऐसे में चार या इससे ज्यादा वोट क्रॉस हुए। निर्दलीय अगर वोट नहीं भी देते तो भी कांग्रेस जीत सकती थी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ