गुलाम मुस्तफा, नसीम बानो और नितिन वत्स ने उठाए सवाल, आलाकमान से सख्त कार्रवाई की मांग
बीकानेर कांग्रेस में फिर बढ़ी अंदरूनी नाराजगी, क्रॉस वोटिंग और बागियों पर कार्रवाई की मांग
गुलाम मुस्तफा, नसीम बानो और नितिन वत्स ने उठाए सवाल, आलाकमान से सख्त कार्रवाई की मांग
बीकानेर। नगर निगम उपमहापौर चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग और निगम चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नेताओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। कांग्रेस नेता गुलाम मुस्तफा, उपमहापौर पद की प्रत्याशी रहीं नसीम बानो और कांग्रेस नेता नितिन वत्स ने अलग-अलग बयानों में संगठनात्मक अनुशासन पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गुलाम मुस्तफा ने क्रॉस वोटिंग पर कार्रवाई की मांग की
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता गुलाम मुस्तफा ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें ऐसा आभास हुआ कि उपमहापौर चुनाव में हुई कथित क्रॉस वोटिंग के मामले को दूसरी दिशा में ले जाने और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी वजह से उन्हें मीडिया के सामने अपनी बात रखनी पड़ी।
मुस्तफा ने कहा कि क्रॉस वोटिंग के मामले में तथ्यात्मक रिपोर्ट कांग्रेस आलाकमान को सौंपी जा चुकी है। उन्होंने मांग की कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों को पार्टी से निष्कासित किया जाए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भाजपा विचारधारा से जुड़े लोगों को कांग्रेस का टिकट किसके संरक्षण में दिया गया और इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
नसीम बानो बोलीं- विपक्ष से नहीं, अपनों से हारी
उपमहापौर पद की कांग्रेस प्रत्याशी रहीं नसीम बानो ने कहा कि वह विपक्ष से नहीं, बल्कि अपने ही लोगों से हारी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर के लोगों ने उन्हें हराने का काम किया।
बानो ने क्रॉस वोटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उपमहापौर चुनाव के लिए पांच लोगों ने नामांकन दाखिल किया था, उनके पीछे किसका हाथ था, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनों से मिले इस धोखे से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। हालांकि, उनके अनुसार कांग्रेस आलाकमान की ओर से उन्हें पूरे मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस के पास 42 पार्षद होने के बावजूद नसीम बानो को 38 वोट मिले, जबकि भाजपा के पंकज गहलोत को 40 वोट मिले थे। इसी के बाद कांग्रेस में कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर सवाल उठे।
नितिन वत्स ने बागियों पर कार्रवाई नहीं होने पर उठाए सवाल
वहीं कांग्रेस नेता नितिन वत्स ने नगर निगम चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नेताओं पर अब तक कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए।
वत्स ने कहा कि उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न स्तरों और राष्ट्रीय नेतृत्व को पत्र लिखकर ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में यह गलत परंपरा बन जाएगी और टिकट नहीं मिलने पर कोई भी नेता पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने को सामान्य समझेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ा, आज उन्हीं लोगों का पार्टी के कार्यक्रमों में स्वागत किया जा रहा है। ऐसे में सवाल है कि यदि संगठन इस मामले में चुप रहेगा तो अनुशासन की कार्रवाई आखिर किस पर होगी।
अब जांच और कार्रवाई पर नजर
बीकानेर उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की हार के बाद मामला प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व तक पहुंच चुका है। कांग्रेस नेतृत्व ने मामले की जांच के लिए समिति गठित करने और जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से निकाय चुनावों में कथित क्रॉस वोटिंग के मामलों की व्यापक जांच भी शुरू की गई है। रिपोर्टों के अनुसार कई निकायों में पार्टी के पार्षदों की भूमिका की जांच की जा रही है और जांच के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई है।
ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बीकानेर में क्रॉस वोटिंग और पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले नेताओं को लेकर कांग्रेस संगठन कब और क्या कार्रवाई करता है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ