राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, भजनलाल सरकार ने बढ़ाया इतने प्रतिशत महंगाई भत्ता
राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, भजनलाल सरकार ने बढ़ाया इतने प्रतिशत महंगाई भत्ता
जयपुर। राजस्थान के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर गुरुवार को राज्य में महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत में 2 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इससे राज्य कार्मिकों एवं पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि देय होगी।
अब प्रदेश में सातवें वेतनमान के अंतर्गत राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को 1 जनवरी 2026 से 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता अथवा मंहगाई राहत देय होगी। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 7.02 लाख सरकारी कर्मचारी और 5.44 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। इसके अलावा पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इस बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।
कर्मचारियों को आगामी जून में देय मई 2026 के वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा और 1 जनवरी से 30 अप्रेल 2026 तक चार माह की राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जाएगी।
सरकार पर आएगा 1156 करोड़ का वार्षिक वित्तीय भार
पेंशनर्स के लिए भी सरकार ने राहत भरा निर्णय लिया है। उन्हें 1 जनवरी 2026 से बढ़ी हुई महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जाएगा। कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में लिए गए इस संवेदनशील निर्णय से राज्य सरकार पर लगभग 1156 करोड़ रुपए का वार्षिक वित्तीय भार आएगा।
केंद्र सरकार ने बढ़ाया था महंगाई भत्ता
बता दें कि केंद्र सरकार ने 18 अप्रेल को केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 2 फीसदी बढ़ाने का फैसला किया था। अब 5 दिन बाद राज्य सरकार ने भी डीए बढ़ा दिया है। राजस्थान में पिछले लंबे समय से केंद्र की घोषणा के बाद कुछ समय बाद ही राज्य सरकार भी डीए बढ़ाती रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ