बीकानेर में यहां दाल मिल में भीषण आग, हुआ करोड़ों का नुकसान
बीकानेर। खारा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बीती रात अज्ञात कारणों से एक दाल मिल में भीषण आग लग गई। यह आग बिश्नोई एग्रो इंडस्ट्रीज नामक दाल मिल में लगी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब दो बजे की है। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। आधा दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकलकर्मी लगातार कई घंटों तक मशक्कत करते रहे। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण शुरुआती समय में इसे काबू में करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन बाद में काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इस भीषण आगजनी में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दाल मिल में रखा कच्चा माल, तैयार उत्पाद और मशीनरी पूरी तरह आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल दमकल विभाग द्वारा कूलिंग का कार्य जारी है, ताकि आग दोबारा न भड़क सके। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ