रविवार को होगी नीट (यूजी) परीक्षा, कलक्टर ने तैयारियों की समीक्षा
खुलासा न्यूज,बीकानेर। जिला कलक्टर निशांत जैन ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ समय रहते सभी तैयारियां सुनिश्चित करें।
परीक्षा के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा प्रदत्त समस्त निर्देशों की अक्षरश: पालना हो। इसमें किसी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि नीट (यूजी) परीक्षा-2025 रविवार को दोपहर 2 से सायं 5 बजे तक जिले के 22 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी को जिला समन्वयक तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा को पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने परीक्षा दिवस के दौरान जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष संचालन, परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए परिवहन व्यवस्था, परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पुलिस जाब्ता एवं यातायात व्यवस्था सहित प्रत्येक बिंदु की समीक्षा की। उल्लेखनीय है कि परीक्षा के लिए कुल 6 हजार 835 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए कुल 22 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा 570 इनवेजिलेटर नियुक्त किए गए हैं। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट्स को शनिवार को प्रत्येक परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ