आंगन मिलन सेवा समारोह के तीसरे दिन 59 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुए मुख्य कार्यक्रम
खुलासा न्यूज,बीकानेर। महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना बीकानेर ग्रामीण के तत्वावधान में आयोजित आंगन मिलन सेवा समारोह के तीसरे दिन परियोजना के 59 आंगनबाड़ी केंद्रों पर मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, महिला मोर्चा सदस्यों, विभागीय कार्मिकों एवं ग्रामीण समुदाय ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी नवरंग मेघवाल ने बताया कि समारोह के तहत उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र बम्बलू-1 एवं खारा-1 में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनियों के योगदान को सम्मान देते हुए उनका पौधा एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर नागरिक अभिनंदन किया गया।
खारा-1 केंद्र पर हुआ भव्य आयोजन
आंगनबाड़ी केंद्र खारा-1 पर आयोजित कार्यक्रम में महिला मोर्चा से अधिवक्ता सरोज जी, पूर्व सरपंच भैरों सिंह सिसोदिया, पन्ना लाल नागल, संपादक 'कामयाब कलमÓ, महिला पर्यवेक्षक सुनीता गौड़, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर राकेश काला, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बसंती सुथार, सहायिका सोनू एवं सुशीला, आशा सहयोगिनी संतोष एवं राजू देवी सहित 150 से अधिक महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनियों को पौधा एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिल रही आईसीडीएस सेवाओं तथा कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।
बम्बलू-1 केंद्र पर भी रही उत्साहपूर्ण सहभागिता
आंगनबाड़ी केंद्र बम्बलू-1 पर आयोजित कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक राजू कंवर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कांता माहिया, भंवरी, विद्या एवं शांति देवी, सहायिका गीता देवी, मनोहरी एवं तीजा देवी, आशा सहयोगिनी तथा अन्य ग्रामीणों सहित 120 से अधिक महिला एवं पुरुषों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनियों का पौधा एवं प्रमाण-पत्र देकर नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जा रही आईसीडीएस सेवाओं के प्रति अपने अनुभव भी साझा किए।
बीछवाल में सरपंच एसोसिएशन अध्यक्ष ने किया सम्मान
समारोह के तहत बीछवाल में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पेमासर सरपंच तौलाराम कुकणा ने उपस्थित होकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हीना एवं खुशबू कुरैशी तथा सहायिका एवं आशा सहयोगिनी का सम्मान किया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों से मिल रही सेवाओं की सराहना की।
रूनिया बड़ा बास में महिला मोर्चा ने किया अभिनंदन
इसी क्रम में रूनिया बड़ा बास में आयोजित कार्यक्रम में महिला मोर्चा से श्रीमती शारदा देवी ने उपस्थित होकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा समुदाय को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चेनी देवी, गोमती, सुनीता एवं सरस्वती तथा सहायिका ओंकारी, कांता देवी, चुकी देवी एवं सावित्री सहित अन्य कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का पौधा एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मान किया गया।
केंद्रों पर स्वच्छता एवं सामुदायिक सहभागिता पर रहा जोर
आंगन मिलन सेवा समारोह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष साफ-सफाई, सजावट एवं रंगोली आदि के माध्यम से उत्सवी वातावरण तैयार किया गया। विभिन्न केंद्रों पर आयोजित सामुदायिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया तथा लाभार्थियों ने आईसीडीएस सेवाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
सीडीपीओ नवरंग मेघवाल ने बताया कि आंगन मिलन सेवा समारोह का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोडऩा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान देना तथा आईसीडीएस सेवाओं के प्रति जनभागीदारी एवं विश्वास को और मजबूत करना है। समारोह के माध्यम से विभाग और समुदाय के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, महिला मोर्चा सदस्यों, अधिकारियों-कर्मचारियों, महिला पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा सहयोगिनियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ