दिल्ली में विपक्ष का ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’, SIR के विरोध में चुनाव आयोग तक मार्च, करेंगे घेराव
दिल्ली में विपक्ष का ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’, SIR के विरोध में चुनाव आयोग तक मार्च, करेंगे घेराव
नई दिल्ली। SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसद मंगलवार को दिल्ली में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाल रहे हैं। सांसद संसद भवन के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च कर रहे हैं।
मार्च में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता शामिल हैं। सांसदों के हाथों में ‘Save Democracy’ के बैनर नजर आ रहे हैं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की जा रही है। AAP और DMK इस मार्च में शामिल नहीं हैं।
मार्च को देखते हुए संसद मार्ग, जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। बड़ी संख्या में पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
विपक्ष SIR और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है। वहीं, चुनाव आयोग इन आरोपों को खारिज करता रहा है और SIR से जुड़े फैसलों को कानूनी प्रक्रिया के तहत लिए जाने की बात कह चुका है।
धर्मेंद्र यादव बोले—विरोध जारी रहेगा
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि SIR की घोषणा के बाद से समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के फैसले लोकतंत्र, संविधान और कानून के खिलाफ हैं। यादव ने कहा कि विपक्ष तब तक विरोध जारी रखेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया नहीं जाता।
इससे पहले 11 अगस्त 2025 को भी विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकाला था। मौजूदा विरोध SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष के व्यापक अभियान का हिस्सा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ