बीकानेर में तीन जगह तोड़फोड़, फायरिंग की सूचनाओं से मचा हड़कंप, पुलिस जांच , देखें वीडियो
बीकानेर में तीन जगह तोड़फोड़, फायरिंग की सूचनाओं से मचा हड़कंप, पुलिस जांच , देखें वीडियो
बीकानेर। बीकानेर शहर के मुक्ताप्रसाद नगर और नयाशहर थाना क्षेत्र में तोड़फोड़, वाहनों को टक्कर मारने और फायरिंग की सूचना से हड़कंप मच गया। दोनों थाना क्षेत्रों के तीन अलग-अलग इलाकों में घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुछ लोगों को डिटेन किया है।
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि दोनों थाना क्षेत्रों में तीन स्थानों पर घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को डिटेन किया है। उन्होंने बताया कि परिवाद प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोठारी अस्पताल के पीछे युवकों को कैंपर से टक्कर
नयाशहर थाना क्षेत्र में कोठारी अस्पताल के पीछे एक घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि कैंपर गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने गली में मौजूद युवकों को वाहन से टक्कर मारी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
परशुराम द्वार के पास कार में तोड़फोड़
दूसरी घटना परशुराम द्वार के पास सामने आई, जहां एक कार में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है। घटना के बाद पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और जांच शुरू की।
बंगला नगर में फायरिंग की सूचना, गाड़ी क्षतिग्रस्त
तीसरी घटना चुंगी तिराहे के पास बंगला नगर क्षेत्र में बताई गई है। जानकारी के अनुसार कुछ लोग गाड़ियों में सवार होकर एक घर के बाहर पहुंचे। यहां फायरिंग किए जाने की सूचना है। इसके साथ ही एक गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किए जाने की बात भी सामने आई है।
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि फायरिंग की सूचना सामने आई है, लेकिन जांच और रिपोर्ट के बाद ही घटना की पुष्टि के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
पुलिस तीनों घटनाओं को आपस में जोड़कर भी जांच कर रही है। फिलहाल घटनाओं के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ