बीकानेर: मीटिंग लेने से पहले प्रमुख सचिव ने किया निरीक्षण, नालियों में पॉलिथीन, टिपर पर गोबर दिखा, बोले: दो-चार को सस्पेंड करो
बीकानेर: मीटिंग लेने से पहले प्रमुख सचिव ने किया निरीक्षण, नालियों में पॉलिथीन, टिपर पर गोबर दिखा, बोले: दो-चार को सस्पेंड करो
बीकानेर। नगर निगम प्रशासन को भले ही मीडिया की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों से परेशानी हो रही हो मगर सोमवार को उनके ही विभाग के प्रमुख शासन सचिव ने निगम प्रशासन को आइना दिखाया। उन्होंने समीक्षा मीटिंग में जमकर अफ्सरों को लताड़ लगाते हुए दो-चार लोगों को सस्पेंड करने तक की चेतावनी दे दी। बोले, टिपर घरों तक जाती नहीं। सिर्फ गोबर भरकर वजन के हिसाब से पेमेंट हो रहा। एक बाबू इतने बड़े शहर का मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी है। निगम आयुक्त से कहा, एक महीना आए हो गया। अब फील्ड में निकलो। सारे अधिकारी आधा दिन सिर्फ फील्ड में रहेंगे।
दरअसल डीएलबी के प्रमुख सचिव रवि जैन ने सोमवार को निगम सभागार में संभाग के निकाय अधिकारियों की मीटिंग ली। मीटिंग लेने से पहले वे शहर में घूमे। निगम अधिकारियों ने उनके आने-जाने वाले रास्तों को साफ कराकर चूना तक डलवा दिया। निगम ने सर्किट हाउस, कीर्ति स्तंभ चौराहा, लालगढ़ पैलेस जैसे रूट को साफ सुथरा कर दिया। मगर जैन इस रूट से ना आकर सीधे रामपुरिया हवेली, कोचरों के चौक, रानीबाजार की ओर निकल गए। रानीबाजार पुलिया के रास्ते लौटे। सूरज टाकीज, अंबेडकर सर्किल होते हुए वापस आए।
उन्होंने इतने में पूरे शहर की हकीकत देख ली। उसके बाद उन्होंने अधिकारियों की क्लास लगाई। बोले, नालियां पॉलीथिन से अटी पड़ी हैं। क्या सफाई होती है। गोबर भरकर टिपर ले जा रही हैं और उसके वजन से पेमेंट हो रहा है। उन्होंने निगम आयुक्त से पूछा, आपके एसआई करते क्या हैं। दो-चार को सस्पेंड करो। आप नहीं करोगे तो मैं कर दूंगा। बोले, आपके यहां एक बाबू को एचओ बना रखा है। वो क्या शहर संभालेगा। उसे तत्काल हटाओ वरना मैं सस्पेंड कर दूंगा। वे यहीं नहीं रुके। आयुक्त से बोले, एक महीना आए हो गया। अब फील्ड में निकलो। सारे अधिकारी आधे दिन फील्ड में रहें। मैं रिव्यू करूंगा। मुझे वीडियो बनाकर भेजें।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ