बारिश ने बढ़ाई किसानों की परेशानी, मंडी में खुले पड़ी फसलें होती दिखी खराब, भाजपा नेता मेड़तिया बोले- किसानों को मिले उचित मुआवजा
खुलासा न्यूज,बीकानेर। बीकानेर में आज आई बारिश के चलते अनाज मंडी में किसानों की फसल खराब होती दिखी। अचानक आई बारिश ने किसानों के लिए नई परेशानी खड़ी कर दी है। मंडी परिसर में खुले में रखा किसानों का माल पानी में भीग गया, जिससे खासकर जीरा और सरसों जैसी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
मेहनत से तैयार की गई उपज खराब होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मंडी में किसानों की फसल खराब होने की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया तुरंत प्रभाव से मौके पर पहुंचे और किसानों की फसल के लिए व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। मेड़तिया ने कहा कि एक तरफ व्यापारियों का माल टीन शेड़ के नीचे सुरक्षित रूप से रखा हुआ है।
वहीं अन्नदाता किसान का माल खुले में पड़ा है। ऐसे में बारिश के चलते उनका माल खराब हो रहा है जो कि गंभीर लापरवाही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए मंडी में उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ