बीकानेर नगर स्थापना दिवस पर राव बीकाजी संस्थान करेगा पांच दिवसीय आयोजन
बीकानेर नगर स्थापना दिवस पर राव बीकाजी संस्थान करेगा पांच दिवसीय आयोजन
बीकानेर, । राव बीकाजी संस्थान की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन किया जायेगा। इस संबंध में राव बीकाजी संस्थान के अध्यक्ष डाॅ. गिरिजा शंकर शर्मा ने बताया कि इस वर्ष एन्टीक वस्तुओं की प्रदर्शनी, पारम्परिक लोक संगीत, विचार गोष्ठी व त्रिभाषा काव्य संगम तथा बीकाजी प्रतिमा पूजन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा।
कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए राव बीकाजी संस्थान के महामंत्री श्री विद्यासागर आचार्य ने बताया कि इस वर्ष पारम्परिक स्थानों के साथ ही कार्यक्रमों का आयोजन नवीन स्थलों पर भी किया जायेगा।
कार्यक्रमों के आयोजन को अंतिम रूप देने के लिये राव बीकाजी संस्थान के पदाधिकारियों व सदस्यों की बैठक कोषाध्यक्ष श्री रामलाल सोलंकी की अध्यक्षता में हिंदी विश्वभारती अनुसंधान परिषद् कक्ष में रविवार को सम्पन्न हुई। बैठक में लिये गये निर्णयों की जानकारी देते हुए समन्वयक अभिषेक आचार्य ने बताया कि कार्यक्रमों का शुभारंभ 15 अप्रेल को महारानी सुदर्शन कला दीर्घा में श्री किशनलाल सोनी के एंटीक संग्रह की प्रदर्शनी के साथ होगा। प्रदर्शनी प्रभारी श्री अज़ीज़ भुट्टा तथा सह प्रभारी डाॅ. मो.फारूख चौहान को नियुक्त किया गया। 16 अप्रेल को महिला मण्डल विद्यालय के ऐतिहासिक हाॅल में पारम्परिक एवं लोक गीतों की प्रस्तुति होगी। इस कार्यक्रम के प्रभारी श्री प्रेम नारायण व्यास एवं सह प्रभारी श्री आत्माराम भाटी व श्री वसीम होंगे। 17 अप्रेल को त्रिभाषा काव्य संगम का आयोजन चौपाटी में होगा जिसमें हिंदी, उर्दू एवं राजस्थानी के रचनाकार अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी इरशाद अज़ीज़ एवं सह प्रभारी डाॅ. पवन दाधीच होंगे। 18 अप्रेल को होटेल लक्ष्मी निवास में विचार गोष्ठी का आयोजन होगा। विचार गोष्ठी के प्रभारी श्री राजेन्द्र जोशी तथा सह प्रभारी श्री नरेन्द्र सिंह स्याणी होंगे। बीकानेर नगर स्थापना दिवस अक्षय द्वितीय के अवसर पर 19 अप्रेल की प्रातः राव बीकाजी की प्रतिमा का पूजन मंत्रोच्चार के साथ होगा। इसके उपरान्त बीकानेर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों तथा युवाओं का सम्मान किया जायेगा। इन कार्यक्रमों के प्रभारी श्री कमल रंगा एवं नरेंद्र सिंह स्याणी तथा सह प्रभारी संजय पुरोहित होंगे।
बैठक में राव बीकाजी संस्थान के वरिष्ठतम सदस्य मूर्धन्य साहित्यकार श्री भवानी शंकर को दो मिनिट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दो नये सदस्यों श्री प्रेम नारायण व्यास एवं श्री मो.वसीम का स्वागत किया गया। समस्त कार्यक्रमों के सर्वेसर्वा प्रभारी सचिव श्री नरेन्द्र सिंह स्याणी को नियुक्त किया गया। संस्थान अध्यक्ष डाॅ. गिरिजा शंकर शर्मा ने आमजन से सभी कार्यक्रमों में उपस्थित रहने का आह्वान किया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ