औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल, उद्योग संघों ने जताई नाराजगी रीको के बजाय अब उद्योग संघ अपने स्तर पर करवाएंगे सफाई, खर्च का भुगतान करेगा रीको लिमिटेड
औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल, उद्योग संघों ने जताई नाराजगी रीको के बजाय अब उद्योग संघ अपने स्तर पर करवाएंगे सफाई, खर्च का भुगतान करेगा रीको लिमिटेड
बीकानेर। रीको के अधीन आने वाले औद्योगिक क्षेत्रों में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर रीको क्षेत्रीय कार्यालय एवं जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की बदहाल सफाई व्यवस्था पर सभी प्रतिनिधियों ने असंतोष जाहिर करते हुए रीको द्वारा नगर निगम को सौंपे गए सफाई कार्य पर नाराजगी जताई। प्रतिनिधियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं होने से उद्यमियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा औद्योगिक क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बैठक में उपस्थित औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज बंसल को सहमति प्रदान की कि संबंधित उद्योग संघ अपने-अपने औद्योगिक क्षेत्रों में स्वयं के स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इसके एवज में रीको लिमिटेड द्वारा संबंधित उद्योग संघों को सफाई कार्य पर होने वाले खर्च का भुगतान किया जाएगा। इस व्यवस्था से औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई कार्य नियमित एवं प्रभावी तरीके से करवाने की उम्मीद जताई गई।
बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सफाई व्यवस्था उद्योगों के सुचारू संचालन और स्वच्छ वातावरण के लिए आवश्यक है। वर्तमान व्यवस्था से उद्यमी संतुष्ट नहीं हैं। उद्योग संघ अपने स्तर पर सफाई की जिम्मेदारी लेकर व्यवस्था में सुधार करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते रीको द्वारा सफाई पर होने वाले खर्च का नियमानुसार भुगतान किया जाए।
बीछवाल उद्योग संघ अध्यक्ष विजय जोशी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी तय करना जरूरी है। संबंधित उद्योग संघ अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार सफाई कार्य करवाएंगे, जिससे नियमित सफाई सुनिश्चित हो सकेगी और उद्यमियों को राहत मिलेगी।
करणी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सचिव विजय जैन ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उद्योग संघ अपने स्तर पर सफाई कार्य करवाने के लिए सहमत हैं। इस व्यवस्था से सफाई कार्य की निगरानी बेहतर होगी और औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलेगी।
औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था में सुधार एवं उद्योग संघों के माध्यम से सफाई कार्य करवाने की व्यवस्था को लागू करने के संबंध में सभी औद्योगिक संगठनों की ओर से रीको लिमिटेड, जयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को संयुक्त पत्र भेजा गया। पत्र के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान सफाई व्यवस्था को लेकर प्रतिनिधियों की असंतुष्टि से अवगत करवाते हुए स्थायी व्यवस्था के तहत उद्योग संघों को सफाई कार्य की जिम्मेदारी सौंपने तथा इसके खर्च का भुगतान करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर उद्योग संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा, उपाध्यक्ष अशोक सुराणा, बीछवाल उद्योग संघ के सचिव किशोर पारीक, निर्मल पारख तथा रीको के सहायक प्रबंधक जय सहारण सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ