श्री गुरु कृपा पद्य प्रकाश ग्रंथ का हुआ लोकार्पण,श्रद्धालुओं ने किया गुरु पूजन
श्री गुरु कृपा पद्य प्रकाश ग्रंथ का हुआ लोकार्पण,श्रद्धालुओं ने किया गुरु पूजन
बीकानेर। नत्थूसर बास स्थित श्री नवलेश्वर मठ सिद्धपीठ,श्री विवेकनाथ जी की बगेची में गुरु पूर्णिमा महोत्सव महंत योगी शिवसत्यनाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य में श्रद्धा,भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। महोत्सव में बड़ी संख्या में गुरु भक्तों एवं श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर गुरु कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के मठ की गौरवशाली परंपराओं के साथ नाथ परंपरा के पूज्य संत गुरुओं की पावन समाधियों पर विशेष पूजन-अर्चन,अभिषेक, आरती एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात गुरु चरण पादुका पूजन, गुरु वंदना, आरती तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। दिनभर आश्रम परिसर में भजन, सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचनों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव का मुख्य आकर्षण आध्यात्मिक ग्रंथ "श्री गुरु कृपा पद्य प्रकाश" का लोकार्पण रहा। महंत योगी शिवसत्यनाथ जी महाराज ने अपने करकमलों से ग्रंथ का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरु ही जीवन को ज्ञान, संस्कार, विवेक एवं आत्मबोध का प्रकाश प्रदान करते हैं तथा गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।
उन्होंने कहा कि "श्री गुरु कृपा पद्य प्रकाश" नाथ संप्रदाय की गुरु-परंपरा, गुरु महिमा, आध्यात्मिक चिंतन एवं मानवीय जीवन-मूल्यों पर आधारित एक प्रेरणादायी ग्रंथ है, जो साधकों एवं श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन का माध्यम बनेगा। इस ग्रंथ का सृजन एवं प्रकाशन श्री नाथ शिष्य दुलाराम मुमुक्षु (निवासी रणजीतपुरा-बज्जू) द्वारा किया गया है। उपस्थित श्रद्धालुओं ने ग्रंथ के लोकार्पण का स्वागत करते हुए इसे नाथ संप्रदाय के साहित्य में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया।
लोकार्पण के पश्चात श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, गुरु चरण वंदन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन में गुरु के आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
बगेची के सेवादार नंदकिशोर गहलोत ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव में बीकानेर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों एवं गांवों के अलावा रायपुर (छत्तीसगढ़), जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी तथा अन्य स्थानों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे आश्रम परिसर को टेंट की छाया से सुव्यवस्थित किया गया था। शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं को ठंडे दूध की रबड़ी एवं पाइनएप्पल शेक का विशेष प्रसाद भी वितरित किया गया। इसके साथ ही सभी श्रद्धालुओं ने भंडारे में भोजन प्रसादी ग्रहण की।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के सफल आयोजन में बगेची से जुड़े सभी सेवादारों ने विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व निभाते हुए सेवा भाव से अपना योगदान दिया। श्रद्धा, अनुशासन, सेवा एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य सम्पन्न यह गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी बन गया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ