कलक्टर ने दिए तत्काल स्वीकृतियां जारी करने, स्वीकृत कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी कर कार्य प्रारंभ करवाने के निर्देश
खुलासा न्यूज,बीकानेर। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग तथा जल ग्रहण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के तहत लंबित स्वीकृतियां तत्काल जारी करना सुनिश्चित करें। स्वीकृत कार्यों के वर्क ऑर्डर तत्काल जारी करवाएं तथा जिन कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र प्रारंभ करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए।
जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवेदनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निस्तारण के साथ परिवादी की संतुष्टि का स्तर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने एमपी-एमएलए लैड, वीबी जीरामजी, स्वामित्व योजना, जल शक्ति जन भागीदारी, 15वें केंद्रीय वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग षष्ठम, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, बीएडीपी, महात्मा गांधी जन भागीदारी ग्राम विकास योजना, एमजेएसए 2.3 तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगामी दो दिनों में लंबित स्वीकृतियां जारी करने के निर्देश दिए। जैन ने वीबी जीरामजी योजना के तहत पोषण वाटिका, ग्रामीण हाट बाजार, ग्रामीण पुस्तकालय/अटल ज्ञान केंद्र, अमृत संजीवनी पार्क, नमो नर्सरी तथा कांजी हाउस एवं पशु आश्रय स्थल जैसी राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
एमजेएसए 2.3 के तहत कार्यों की प्रगति में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के छह गांव ऐसे हैं, जिनका विलेज स्कोर 70 से कम होने के कारण उन्हें आदर्श ग्राम घोषित नहीं किया जा सका है। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी छह गांवों का विलेज स्कोर 70 से अधिक करने के लिए आवश्यक कार्यवाही एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, आईएएस स्वाति शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋतुराज महला सहित ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज तथा जल ग्रहण विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ