जिला कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक, कहा - सभी एसडीएम 10 साल से पुराने कोर्ट मामलों की करें प्रतिदिन सुनवाई
जिला कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक, कहा - सभी एसडीएम 10 साल से पुराने कोर्ट मामलों की करें प्रतिदिन सुनवाई
एसडीएम कोर्ट में 20 से 30 वर्ष के 45 और 10 से 20 वर्ष के 874 प्रकरण लंबित
जिले में रास्ते के 359 प्रकरण और सीमा ज्ञान के 835 मामले लंबित
लूणकरणसर में 200 हेक्टेयर में इसबगोल फसल में हुआ खराबा
लाइट्स के अंतर्गत 15 मामले एक साल से ज्यादा समय से लंबित
बीकानेर। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक जिला कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में 10 साल से पुराने कोर्ट मामलों की सुनवाई प्रतिदिन करें। बैठक में जिला कलेक्टर ने माता-पिता भरण पोषण अधिनियम के मामले लंबित नहीं रखने समेत सीलिंग, इजराय, धारा 183-बी, स्मॉल पेच, मीडियम पेच आवंटन, अतिक्रमण मामलों को लेकर 90-ए, 91-ए, धारा -22, एलआर व पीडीआर एक्ट अंतर्गत वसूली,गैर खातेदारी से खातेदारी इत्यादि की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। इससे पूर्व एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव ने पीपीटी के जरिए बताया कि जीसीएमएस पोर्टल पर कोर्ट केसेज के अंतर्गत जिले में 20 से 30 वर्ष के कुल 45 मामले लंबित हैं जिनमें बीकानेर के 26 और नोखा के 18 प्रकरण हैं। वहीं 10 से 20 वर्ष के बीच कुल 874 मामले लंबित हैं। जिनमें बीकानेर के सर्वाधिक 303, नोखा के 291 और लूणकरणसर के 100 प्रकरण शामिल हैं। यादव ने बताया कि जिले में रास्ते के कुल 359 प्रकरण लंबित है। जिनमें से नोखा में सर्वाधिक 88, बीकानेर में 70, लूणकरणसर में 63 प्रकरण शामिल है। जिला कलेक्टर ने शिविरों के दौरान रास्तों के प्रकरण निस्तारित बताने और रिव्यू बैठक में लंबित होने पर नाराजगी जताई। जिला कलेक्टर ने जिले में नई जॉइनिंग वाले 15-15 पटवारियों को तहसीलवार भेज रास्ते के प्रकरणों के निस्तारण में सहयोग लेने के निर्देश सभी एसडीएम को दिए।
जिले में सीमा ज्ञान के 835 मामले लंबित
एडीएम प्रशासन ने बताया कि जिले में सीमा ज्ञान के कुल 835 प्रकरण लंबित हैं। जिनमें से नोखा में सर्वाधिक 220, लूणकरणसर में 217 और बीकानेर में 109 प्रकरण शामिल हैं।जिला कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को सीमा ज्ञान प्रकरण जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने फसल खराबा की जानकारी चाही तो लूणकरणसर तहसीलदार ने करीब 200 हेक्टेयर जमीन में इसबगोल फसल में 40 फीसदी से ज्यादा खराबा होना बताया।
बैठक में एडीएम सिटी रमेश देव ने जिला कलेक्टर को बताया कि लाइट्स (लिटिगेशन इनफार्मेशन ट्रेकिंग एंड इवोल्यूशन सिस्टम) के अंतर्गत जिले में कुल 15 केस ऐसे हैं जो साल भर से ज्यादा समय से लंबित हैं। जिनमें नोखा के 08, बीकानेर के 03 और खाजूवाला, पूगल के 1-1 मामले शामिल हैं। इनमें संबंधित तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिए। लेकिन संबंधित तहसीलदार इनके जवाब भी पेश नहीं कर रहे। जिला कलेक्टर ने अब जल्द कार्यवाही नहीं करने पर चार्जशीट इश्यू के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला परिषद सोहनलाल, एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव, एडीएम सिटी रमेश देव, एसडीएम बीकानेर आईएएस सुश्री महिमा कसाना, एसडीएम लूणकरणसर सुश्री स्वाति शर्मा समेत जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ