परिजनों के साथ मारपीट करने के मामले में पीबीएम प्रशासन ने टेक्नीशियन व अटेंडेट को हटाया
परिजनों के साथ मारपीट करने के मामले में पीबीएम प्रशासन ने टेक्नीशियन व अटेंडेट को हटाया
बीकानेर । पीबीएम अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में एक परिजन के साथ मारपीट के मामले में वहां ठेके पर कार्यरत एक टेक्नीशियन और अटेंडेंट को हटा दिया गया है। घटना के दौरान ड्यूटी से गायब रहने पर रेजीडेंट डॉक्टर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की सिफारिश की गई है।शनिवार देर रात माइक्रोबायोलॉजी लैब में किसी मरीज के परिजन के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। किसी मरीज का परिजन रिपोर्ट लेने के लिए शनिवार रात लैब गया था, जहां किसी बात को लेकर कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। ठेके पर कार्यरत टेक्नीशियन उसे बाल पकडक़र अंदर ले गया और उसके गाल पर चांटे मारने लगा। इस दौरान अटेंडेंट घटना का वीडियो बना रहा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन में हडक़ंप मच गया।इस घटना को लेकर डॉ. नीति शर्मा, डॉ. अजित बेनीवाल, डॉ. रुबिना कोचर, संजय द्विवेदी और सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह की कमेटी की गई। सोमवार को अधीक्षक डॉ. बीसी घीया की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक हुई, जिसमें ठेके के दोनों कर्मचारियों को हटाने का फैसला किया गया है। डॉ. घीया ने बताया कि ड्यूटी से नदारद रहने पर रेजीडेंट डॉक्टर को अनुशासन समिति के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि माइक्रोबायोलॉजी लैब को लेकर पूर्व में भी कई वीडियो वायरल हो चुके हैं।यूथ कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन पीबीएम अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भंवर कूकणा और एनएसयूआई के अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने पीबीएम अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने माइक्रोबायोलॉजी लैब सहित विभिन्न विभागों में मरीजों के परिजनों के साथ हो रही मारपीट की घटनाओं पर रोष जताया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि इस घटना के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ