राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 28-29 सितंबर को इन जिलों में बारिश की संभावना, जाने बीकानेर के मौसम का हाल
राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 28-29 सितंबर को इन जिलों में बारिश की संभावना, जाने बीकानेर के मौसम का हाल
बीकानेर। राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मानसून की वापसी के साथ अब प्रदेश के अधिकतर हिस्से में मौसम शुष्क बना हुआ है। कई इलाकों में गर्मी से जनता का हाल बेहाल है। मौसम विभाग के नई भविष्यवाणी के अनुसार पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 2-3 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि भरतपुर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 27-29 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं हल्की मध्मम बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 3-4 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28-29 सितंबर को बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज 24 सितंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश व दक्षिणी उड़ीसा के आस-पास डीप डिप्रेशन बना हुआ है। इसके आगामी 24 घंटों में दक्षिणी उड़ीसा व छत्तीसगढ़ की ओर आगे बढ़ने तथा कमजोर होकर डिप्रेशन बनने की संभावना है। राजस्थान में वर्तमान में मानसून विदाई रेखा धौलपुर, उदयपुर से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक) से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान जैसलमेर में 42.9 डिग्री दर्ज।
आइएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के वापसी की प्रक्रिया 19 सितंबर को पश्चिम राजस्थान से शुरू हुई थी। 5 दिन में बुधवार तक मानसून राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग समेत अधिकतर हिस्सों से लौट गया है। राजस्थान के दक्षिण-पूर्व के कुछ जिलों में शेष रहा है। वहीं मानसून की पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के सभी हिस्सों तथा उत्तरप्रदेश व गुजरात के के कुछ हिस्सों से वापसी हो चुकी है।
बीकानेर में सितंबर के आखिरी हफ्ते में गर्मी और उमस ने आमजन को बेहाल कर दिया है। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री चढ़कर 41.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि 27 और 28 सितंबर को हल्की बारिश और आंधी-गर्जन से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 24 सितंबर को शहर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। रात का न्यूनतम तापमान भी 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा रहा। आगामी 25 सितंबर (शुक्रवार) को दिन का तापमान 42.0 डिग्री और रात का तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ