अब 9वीं से 12वी तक में इन चार पुस्तकों को विद्यालयों में नहीं पढ़ाया जायेगा, बोर्ड का सख्त निर्देश
अब 9वीं से 12वी तक में इन चार पुस्तकों को विद्यालयों में नहीं पढ़ाया जायेगा, बोर्ड का सख्त निर्देश
बीकानेर। राजस्थान में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर से जुड़े लाखों स्टूडेंट्स को अब राजस्थान का इतिहास और आजादी के बाद के स्वर्णिम भारत की पुस्तकें नहीं पढऩी होगी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की सिफारिश पर कक्षा नौ से बारह तक चलने वाली चार पुस्तकों को सिलेबस से हटा दिया गया है। इन पुस्तकों का निशुल्क वितरण भी इस बार नहीं होगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के समाज शिक्षा विभाग ने इस संबंध में गुरुवार दोपहर आदेश जारी किए। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए कक्षा 9 से 12 तक की चार पुस्तकों को विद्यालयों में नहीं पढ़ाने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय इन पुस्तकों के विलोपन (डिस्कन्टीन्यू) किए जाने के कारण लिया गया है।
बोर्ड के प्रस्ताव पर हटी पुस्तकें
समाज शिक्षा के उप निदेशक अशोक कुमार पारीक ने बताया कि चार पुस्तकों को हटाने के संबंध में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर ने प्रस्ताव दिए थे। इस पर राज्य सरकार के निर्णय के बाद पुस्तकों को हटाया गया है। यह निर्णय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान के 11 अप्रैल को दिए पत्र तथा समग्र शिक्षा जयपुर के फरवरी में दिए गए आदेश की पालना में किया गया है।
इन पुस्तकों को हटाया गया
कक्षा 9 - राजस्थान का स्वतंत्रता आंदोलन एवं धरोहर (हिंदी/अंग्रेजी माध्यम)
कक्षा 10 - राजस्थान का इतिहास एवं संस्कृति (हिंदी/अंग्रेजी माध्यम)
कक्षा 11 - आजादी के बाद का स्वर्णिम भारत - भाग 1 (हिंदी/अंग्रेजी माध्यम)
कक्षा 12 - आजादी के बाद का स्वर्णिम भारत - भाग 2 (हिंदी/अंग्रेजी माध्यम)
विद्यालयों को दिए गए निर्देश
निदेशालय ने समस्त मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों एवं समग्र शिक्षा के पदेन जिला परियोजना समन्वयकों को निर्देशित किया है कि वे सुनिश्चित करें कि हटाई गई इन पुस्तकों का अध्ययन शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी भी विद्यालय में न कराया जाए।
राजस्थान में कौन करता है तय
राजस्थान में शिक्षा विभाग से जुड़े स्कूलों में कक्षा आठ तक का पाठ्यक्रम उदयपुर स्थित एसआईईआरटी यानी राजस्थान शैक्षिक अनुसंधान परिषद तय करता है। वहीं नौंवीं से बारहवीं तक का सिलेबस माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर तय करता है। इन दोनों की सिफारिश के आधार पर जयपुर स्थित पाठ्यपुस्तक मंडल पुस्तकों को प्रकाशित करता है। जिनका वितरण प्रारम्भिक और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड करता है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ