वसुंधरा राजे के फर्जी लेटर मामले में 3 कांग्रेसी हिरासत में, भोपाल पुलिस ने पकड़ा
वसुंधरा राजे के फर्जी लेटर मामले में 3 कांग्रेसी हिरासत में, भोपाल पुलिस ने पकड़ा
जयपुर/भोपाल। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का संघ प्रमुख मोहन भागवत के नाम से सोशल मीडिया पर आए फर्जी लेटर का मामला अब मध्यप्रदेश से जुड़ गया है।
लेटर को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर MP कांग्रेस आईटी सेल के 3 कार्यकर्ताओं को भोपाल पुलिस ने हिरासत में लिया है। एमपी के पार्टी प्रभारी हरीश चौधरी और सांसद विवेक तन्खा ने हिरासत पर सवाल उठाए हैं।
हरीश चौधरी ने एक्स पर लिखा- कांग्रेस आईटी सेल के कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से पुलिस हिरासत में रखना निंदनीय है। यह कानून व लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा- असहमति की आवाज दबाने का यह तरीका स्वीकार्य नहीं है। यह सत्ता के दुरुपयोग को दर्शाता है।
कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने फेसबुक पर लिखा- पिछले 27 घंटे से भोपाल साइबर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बिना किसी वाजिब कारण के हिरासत में रखा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और डीजीपी को टैग करते हुए कहा- एमपी पुलिस की इस कार्रवाई से उन्हें आश्चर्य और निराशा हुई है।
फर्जी पत्र बताने के बाद हिरासत में लेने पर सवाल
तन्खा ने आगे लिखा- वसुंधरा राजे की तथाकथित ट्वीट, जिसे लाखों लोगों ने देखा और साझा किया। 15-16 अप्रैल से सार्वजनिक रूप से प्रसारित हो रही थी।
बाद में 18 अप्रैल को शाम लगभग 8 बजे इसे फर्जी पत्र बताया गया। ऐसे में इस आधार पर हिरासत में लेना उचित नहीं है।
राजे ने लिखा था- सांच को आंच की जरूरत नहीं
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के नाम से सोशल मीडिया पर 18 अप्रैल को फर्जी लेटर सामने आया था। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को संबोधित इस फर्जी लेटर में महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी की लाइन से हटकर बातें लिखी थीं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ