दुकान के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने, क्रॉस मुकदमे दर्ज
लूणकरणसर। कालू थाना क्षेत्र के गारबदेसर गांव में दुकान पर हुए विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मामला बढ़ गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक पक्ष ने दुकान के गल्ले से 7 हजार रुपये निकालने और नाबालिग भतीजे को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष ने लोहे के पाइप से मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार गारबदेसर निवासी प्रेमसिंह पुत्र भुंवरसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दी कि उसकी दुकान पर उसका नाबालिग भतीजा मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान गारबदेसर निवासी बाबूसिंह पुत्र रेवंतसिंह राजपूत शराब के नशे में दुकान पर आया और दुकान के गल्ले से 7 हजार रुपये निकाल लिए। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि बाबूसिंह ने उसके नाबालिग भतीजे को गोली मारने की धमकी दी।
वहीं दूसरे पक्ष के बाबूसिंह पुत्र रेवंतसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दी कि 21 सितंबर को प्रेमसिंह ने उसके साथ लोहे के पाइप से मारपीट की। इस रिपोर्ट पर भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के आरोपों की जांच करते हुए घटना के वास्तविक कारण और परिस्थितियों की तस्दीक की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ