बारिश को लेकर मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी, पढ़ें ये खबर
राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच बारिश का दायरा अब लगातार सिमट रहा है। मौसम केन्द्र के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में अब पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद अगले पांच-छह दिनों तक भी अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों में लोगों को उमस और गर्मी का असर फिर महसूस हो सकता है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर रहा। मौसम केंद्र के अनुसार सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, भरतपुर, टोंक, करौली, चित्तौड़गढ़, सवाईमाधोपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और डीडवाना-कुचामन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक बारिश जयपुर के फागी में 52 MM दर्ज की गई।
बीकानेर के अरजनसर में बारिश नहीं होने से फसलें मुरझाई
कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से फसलों को नुकसान हुआ है। पिछले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से क्षेत्र में बारिश की उम्मीद जगी थी, लेकिन अरजनसर क्षेत्र में बादल बिना बरसे ही गुजर गए। बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खासकर बड़ा कृषि क्षेत्र बारानी खेती पर निर्भर होने के कारण यहां फसलों के लिए बारिश ही प्रमुख सहारा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ