बीकानेर: पानी भरने गई महिला की कुंड में गिरने से मौत, परिवार में पसरा मातम
बीकानेर: पानी भरने गई महिला की कुंड में गिरने से मौत, परिवार में पसरा मातम
बीकानेर: नोखा थाना क्षेत्र के केडली गांव की रोही में खेत पर बने पानी के कुंड में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे का बताया जा रहा है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में मृतका के बेटे अणदाराम जाट निवासी केडली ने बताया कि वह परिवार के साथ खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्यों को प्यास लगने पर उसकी माता बिरजु देवी पानी लेने के लिए ढाणी के पास बने जलकुंड की ओर गई थीं। उन्हें पशुओं को भी पानी पिलाना था।
रिपोर्ट के अनुसार, पानी निकालते समय अचानक बिरजु देवी का पैर फिसल गया और वह कुंड में गिर गईं। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान वह पानी के कुंड में दिखाई दीं। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और उपचार के लिए नोखा के बागड़ी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बिरजु देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ