दिनदहाड़े युवक का अपहरण, 37 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप,ऑडियो वायरल
दिनदहाड़े युवक का अपहरण, 37 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप,ऑडियो वायरल
खुलासा ऑनलाइन, श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ के घूमचक्कर से गुरुवार शाम करीब 4 बजे एक युवक के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में बस से उतरते ही कुछ युवक कथित तौर पर युवक का हाथ पकड़कर उसे बोलेरो गाड़ी में बैठाते दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में अपहृत युवक के फोन से उसके परिजनों को व्हाट्सऐप कॉल किए जाने और 37 लाख रुपये का भुगतान कन्फर्म करने की मांग किए जाने की बात सामने आई है।
बस से उतरते ही बोलेरो में बैठाने का वीडियो
सामने आए पहले वीडियो के अनुसार युवक बस से घूमचक्कर पर उतरता दिखाई देता है। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद युवक उसका हाथ पकड़कर उसे बोलेरो गाड़ी में बैठाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद गाड़ी मौके से रवाना होती दिखाई देती है।
प्रथम दृष्टया यह भी बताया जा रहा है कि युवक के बस से पहुंचने की जानकारी पहले से होने के कारण कथित अपहरणकर्ता उसके पहुंचने से पहले ही घूमचक्कर पर मौजूद थे। हालांकि पुलिस जांच में ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
37 लाख रुपये का भुगतान करने की मांग
दूसरे वीडियो में कथित तौर पर अपहृत युवक के फोन से उसके परिजनों को व्हाट्सऐप कॉल किया गया। कॉल के दौरान 37 लाख रुपये का भुगतान कन्फर्म करने की मांग किए जाने की बात सामने आई है। कॉल में गाली-गलौच किए जाने का भी दावा किया गया है। वहीं मामले का संबंध किसी लेन-देन से होने की अपुष्ट जानकारी भी सामने आ रही है। इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस की कई टीमें दे रही दबिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सीओ निकेत कुमार और सीआई कश्यप सिंह के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस टीमों द्वारा बीदासर, श्रीडूंगरगढ़, सांडवा और नोखा सहित अन्य स्थानों पर तलाश की जा रही है। एएसआई देवाराम, कांस्टेबल पुनीत सहित पुलिसकर्मी आरोपियों की तलाश में जुटे हैं और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम, वीडियो और कथित फिरौती की मांग की जांच में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ